हिमालय की यात्रा पर निकलना हर किसी का सपना होता है, लेकिन केदारनाथ और यमुनोत्री जैसे धामों तक पहुँचना सिर्फ मन की इच्छा पर निर्भर नहीं करता। यहाँ पहाड़ों की खड़ी चढ़ाई और बदलता मौसम आपकी शारीरिक क्षमता की असली परीक्षा लेते हैं।
अक्सर हम जोश में निकल तो जाते हैं, पर शरीर साथ नहीं देता। असल में, इन तीर्थों की यात्रा का आनंद तभी है जब आप फिट महसूस करें और थकान के बजाय वहां की शांति का अनुभव कर सकें। इसलिए, घर से निकलने से कम से कम एक महीना पहले खुद पर काम करना शुरू कर देना चाहिए।
यमुनोत्री की 6 किमी की खड़ी चढ़ाई हो या केदारनाथ का 18 किमी लंबा रास्ता, आपके पैरों में जान होना बहुत जरूरी है। इसकी तैयारी के लिए रोज कम से कम 4-5 किलोमीटर पैदल चलने की आदत डालें। कोशिश करें कि रास्ते में कुछ सीढ़ियां भी चढ़ें, क्योंकि पहाड़ों पर चढ़ने से ज्यादा उतरते समय घुटनों पर जोर आता है। इसके साथ ही, ऊँचाई पर ऑक्सीजन कम होती है, इसलिए प्राणायाम और गहरी सांस लेने के व्यायाम जैसे अनुलोम-विलोम को अपने रूटीन का हिस्सा बनाएं। यह आपके फेफड़ों को कम ऑक्सीजन में भी हार न मानने के लिए तैयार करेगा।
ऊँचाई पर जाने पर कई बार सिरदर्द, चक्कर आना या जी मिचलाना महसूस होता है। इसे हल्के में न लें, यह एल्टीट्यूड सिकनेस हो सकता है। इससे बचने का सबसे सरल मंत्र है जल्दबाजी न करें’। पहाड़ों पर दौड़ने की कोशिश न करें, अपनी चाल धीमी और स्थिर रखें। शरीर में पानी की कमी न होने दें; भले ही प्यास न लगे, फिर भी घूँट-घूँट कर पानी पीते रहें।
याद रखें, पहाड़ पर चढ़ते समय खाली पेट रहना या बहुत ज्यादा भारी भोजन करना, दोनों ही नुकसानदेह हो सकते हैं। साथ ही, कपूर की एक पोटली साथ रखें, जिसे सूंघने से सांस लेने में थोड़ी राहत महसूस होती है।
पहाड़ों की यात्रा में आपका सबसे बड़ा साथी आपके जूते होते हैं। कभी भी बिल्कुल नए जूते पहनकर ट्रेक पर न निकलें, वरना छालों की वजह से चलना मुश्किल हो जाएगा। जूते ऐसी ग्रिप वाले हों जो फिसलें नहीं। कपड़ों की बात करें तो भारी भरकम जैकेट के बजाय ‘लेयरिंग’ करें।
यानी पतले-पतले दो-तीन कपड़े पहनें ताकि गर्मी लगने पर आप उन्हें उतार सकें और ठंड बढ़ने पर पहन सकें। एक रेनकोट या पोंचो हमेशा बैग के बाहरी हिस्से में रखें, क्योंकि हिमालय में बारिश कब शुरू हो जाए, कोई नहीं जानता।
अगर आपके साथ घर के बड़े या छोटे बच्चे हैं, तो यात्रा की गति उनके अनुसार तय करें। बुजुर्गों के लिए पालकी या घोड़े की सुविधा लेने में कोई बुराई नहीं है, क्योंकि सुरक्षा और सेहत पहले आती है। यात्रा से पहले एक बार डॉक्टर से सलाह जरूर लें और अपनी जरूरी दवाइयां, पेन-किलर और ओआरएस के पैकेट साथ रखना न भूलें। बच्चों को एनर्जी के लिए बीच-बीच में चॉकलेट या ड्राई फ्रूट्स देते रहें।
रजिस्ट्रेशन और सुरक्षा
आजकल की यात्राओं में तकनीक भी जरूरी है। अपना बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन समय पर करा लें और इसकी एक कॉपी अपने फोन के अलावा कागज पर भी रखें। पहाड़ों में अक्सर फोन का नेटवर्क गायब हो जाता है, इसलिए घर वालों के नंबर और जरूरी संपर्क सूत्र एक डायरी में लिखकर रखें। यात्रा बीमा भी एक समझदारी भरा कदम है, जो किसी भी आपात स्थिति में आपको मानसिक और आर्थिक सहारा देता है।
याद रखें, बाबा के दर पर पहुँचने की होड़ नहीं, बल्कि सफर का अनुभव कीमती है। प्रकृति का सम्मान करें, कचरा न फैलाएं और अपनी शारीरिक सीमाओं को पहचानें। जब शरीर स्वस्थ होता है, तभी मन महादेव के ध्यान में लग पाता है। आपकी यात्रा सुखद और सुरक्षित हो!